नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा वार्ड क्रमांक 18 स्थित एकता बस्ती में जनकल्याण एवं सर्वरोग निदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाया गया।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, वार्ड पार्षद रूपेंद्र सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. स्वप्निल वधवा, डॉ. पप्पू गुर्जर, डॉ. अपूर्व भूषण, डॉ. आकांक्षा एवं डॉ. निकिता ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
शिविर के दौरान नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा आयुष्मान भारत योजना से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. स्वप्निल वधवा ने बताया कि जनकल्याण एवं स्वास्थ्य शिविरों की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी। इसके तहत 13 जून को मनासा तथा 15 जून को जावद में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।