नीमच। भोपाल-मंदसौर प्रस्तावित 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर परियोजना में नीमच जिले को शामिल नहीं किए जाने के मुद्दे पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने भाजपा जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के सांसद और तीनों विधायक नीमच के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह असफल रहे हैं, जिसके कारण जिले को एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना से वंचित होना पड़ा।
बाहेती ने मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि भोपाल से मंदसौर तक प्रस्तावित लगभग 258 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर की डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन इस परियोजना का विस्तार नीमच तक नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि यह फोरलेन मार्ग नीमच तक जोड़ा जाता तो जिले को राजधानी भोपाल से सीधा और आधुनिक सड़क संपर्क मिलता, जिससे व्यापार, उद्योग, कृषि तथा पर्यटन क्षेत्र को व्यापक लाभ मिलता। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों द्वारा इस दिशा में कोई प्रभावी प्रयास नहीं किए गए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सांसद सुधीर गुप्ता तथा विधायक दिलीप सिंह परिहार, माधव मारू और ओमप्रकाश सकलेचा पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर मौन बने हुए हैं। उन्होंने इसे जिले के विकास के अवसरों को प्रभावित करने वाला निर्णय बताते हुए कहा कि जनता को इस विषय पर जवाब मांगने का पूरा अधिकार है।
प्रेस वार्ता में बाहेती ने सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और आम नागरिकों से इस मुद्दे पर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीमच के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर जनआंदोलन तक संघर्ष करेगी और जिले को परियोजना से जोड़ने की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाएगी।