नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमेदपुरा में 16 वर्षीय छात्रा की जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजलि पिता पुरुषोत्तम बैरागी (16) कक्षा 12वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि उसने अज्ञात कारणों के चलते किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं।
परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए नीमच के एक निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे उदयपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
शनिवार सुबह जिला चिकित्सालय नीमच में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। छात्रा की असमय मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
जावद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने के कारणों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।