नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत डूंगरपुरिया-नई बावल गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटनास्थल का ड्रोन वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार शुक्रवार को किसान बाबूलाल धाकड़ के परिवारजन एवं साथी खेत की जुताई करने पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कथित रूप से उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में नई बावल निवासी प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है।
किसान ईश्वर धाकड़ ने आरोप लगाया कि इसी भूमि को लेकर दो दिन पूर्व भी विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। उनका कहना है कि शुक्रवार को खेत पर पहुंचने के दौरान दोबारा हमला किया गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान ड्रोन कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि, उनके अनुसार घटना से संबंधित कुछ वीडियो फुटेज सुरक्षित हैं।
मामले में जावद पुलिस ने शिकायत के आधार पर नेता बंजारा, मुकेश बंजारा, दिलीप बंजारा, गोपी बंजारा एवं विजय बंजारा सहित अन्य लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि एवं घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।