नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के रावण रूंडी निवासी एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, जानलेवा हमला, लूटपाट एवं लगातार धमकियां देने के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता शाइना पति शाहिद शाह ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसके भाई आफताब की पत्नी सुल्ताना घरेलू विवाद के बाद 11 जून को बिना बताए अपने मायके चली गई थी। आरोप है कि इसके बाद सुल्ताना के परिजन एवं अन्य करीब 25 लोग कारों और मोटरसाइकिलों से हथियारों से लैस होकर रावण रूंडी स्थित उसके घर पहुंचे और विवाद करते हुए हमला कर दिया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने लाठी, तलवार, चाकू एवं बंदूक की बट से मारपीट की, जिससे शाइना गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। बीच-बचाव करने आए उसके नाबालिग पुत्र तनवीर शाह पर भी चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। वहीं उसकी माता आईशा बी के साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही गई है। घायल पक्ष का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर उसके तथा उसकी माता के गले से मंगलसूत्र एवं पुत्र के गले से सोने की चैन छीनकर ले गए। साथ ही भविष्य में जान से मारने, झूठे मामलों में फंसाने तथा मादक पदार्थ रखवाकर कार्रवाई कराने जैसी धमकियां भी दी गईं।
महिला का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से वे खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने, कठोर कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।