मनासा। थाना क्षेत्र के ग्राम चपलाना में दो भैंसों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पशुपालक ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा भैंसों को जहरीला पदार्थ खिलाए जाने की आशंका जताते हुए मनासा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चपलाना निवासी राजेश पिता रामगोपाल कुशवाह (38) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह खेती-किसानी का कार्य करता है। 12 जून को सुबह करीब 7 बजे उसकी पत्नी नौ भैंसों को चराने के लिए बड़ुकुआं रोड स्थित एक कुएं के पास बांधकर घर लौट आई थी।
दोपहर करीब 12 बजे भैंसों को चारा-पानी दिया गया, जिसमें चार भैंसों ने पानी तो पी लिया, लेकिन चारा नहीं खाया। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक को बुलाकर उपचार कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान दो भैंसों की मौत हो गई, जबकि अन्य दो भैंसों का उपचार जारी है।
मृत भैंसों का पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद उन्हें पहाड़ी क्षेत्र में दफना दिया गया। पशुपालक ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भैंसों को जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उनकी मौत हुई। हालांकि आवेदन में किसी विशेष व्यक्ति पर संदेह व्यक्त नहीं किया गया है।
मामले को लेकर राजेश कुशवाह ने अपने भाई हिम्मतलाल कुशवाह के साथ मनासा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।