नीमच। शहर के स्कीम नंबर-9 क्षेत्र में शनिवार को एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद मोहसिन पिता मोहम्मद यासीन शेख (24) निवासी स्कीम नंबर-9 क्षेत्र एक हेयर सैलून पर कटिंग कराने गया था। घायल युवक के अनुसार इसी दौरान समीर पिता हारून कुरैशी ने उस पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। वह मौके से जान बचाकर भाग निकला।
मोहसिन का आरोप है कि कुछ देर बाद स्कीम नंबर-9 स्थित एक वेल्डिंग दुकान के पास आरोपी ने उसे घेर लिया और उसकी बाईं जांघ पर चाकू से दो वार कर दिए। हमले में घायल युवक को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। घायल युवक का कहना है कि उसकी आरोपी से किसी प्रकार की कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हमले के कारणों और आरोपी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।