नीमच। प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच कैंट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 32.950 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 65 हजार रुपये बताई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना नीमच कैंट में पदस्थ उपनिरीक्षक दीवानसिंह चौहान ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दलीप पिता ओमप्रकाश सोनी (35) निवासी ग्राम खाराखेड़ा, थाना टिब्बी, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान), राजू पिता केहर सिंह (30) निवासी मलड़खेड़ा तथा गुरदीप पिता राजू सिंह (21) निवासी साकुआना, थाना टिब्बी (राजस्थान) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32.950 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर डोडाचूरा के स्रोत एवं गंतव्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक दीवानसिंह चौहान एवं थाना नीमच कैंट पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।