चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्रेजा कार से 228 किलो 520 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बीनोता माइंस क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी।
नाकाबंदी के दौरान बसेड़ा-गजपुरा मार्ग की ओर से आ रही एक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाकर भागने लगा। इस पर एएसआई सुंदरपाल ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार का टायर पंचर कर दिया। इसके बावजूद चालक वाहन दौड़ाता रहा और कुछ दूरी पर पहाड़ियों एवं पत्थरों से टकराकर कार पलट गई।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखे 12 कट्टों से 228 किलो 520 ग्राम (2 क्विंटल 28 किलो 520 ग्राम) डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से डोडाचूरा एवं वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी-
देवेंद्र शर्मा (25) पिता चांदमल शर्मा, निवासी ढोरिया, थाना सदर निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी-
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बरामद मादक पदार्थ के स्रोत एवं इससे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रतापगढ़ सीमा से सटे कच्चे मार्गों पर लगातार नाकाबंदी एवं निगरानी के चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी।
कार्रवाई में शामिल टीम-
थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई सुंदरपाल, प्रहलाद सिंह, आरक्षक श्यामलाल, दयाराम, जीवनलाल, ओपीलालराम एवं सुरेश कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।