उज्जैन। जिले के राघवी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्राह्मणखेड़ा में गुरुवार को खेत में एक महिला और पुरुष के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों शव खेत के किनारे करीब 100 मीटर की दूरी पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही राघवी थाना प्रभारी वीरेंद्र बंदेवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान ग्राम बैलाखेड़ा निवासी कालूराम वर्मा (35) एवं मंजू शर्मा (36) के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि कालूराम अविवाहित था, जबकि मंजू विवाहित थी।
पुलिस के अनुसार दोनों शवों के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जेडेन लिंगजेरपा भी मौके पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एवं आवश्यक नमूने एकत्र किए।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतकों के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।