मनासा। मनासा-मंदसौर मार्ग स्थित महागढ़ चक में शनिवार को 35 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नारायणसिंह (35) निवासी महागढ़ चक के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पिछले करीब छह माह से उनका समाज के एक पक्ष से विवाद चल रहा था। घटना के बाद मृतक की जेब से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें धमकाने और जान से मारने का उल्लेख होने की बात सामने आई है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मनासा-मंदसौर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मनासा थाना प्रभारी (टीआई) भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।