मंदसौर। शहर की अभिनंदन कॉलोनी में शनिवार सुबह 42 वर्षीय रवि माली की चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब रवि माली रोजाना की तरह खेत पर फूल तोड़ने गए थे। पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जोड़कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 4 से 6 अज्ञात बदमाशों ने रवि माली पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला किया। गंभीर रूप से घायल रवि को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद मृतक के परिजन और माली समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग शहर कोतवाली पहुंचे और बाद में गांधी चौराहे पर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने युवराज क्लब रोड पर चक्काजाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से यातायात सुचारु कराया और शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
पुलिस के अनुसार, कुछ माह पूर्व गांधी चौराहे पर 19 वर्षीय अरुण बरगुंडा की हत्या के मामले में मृतक रवि माली के बेटे युवराज और उसके साथी रोहित चौहान को गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में जेल में हैं। प्रारंभिक जांच में रवि माली की हत्या को उसी प्रकरण की रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि हत्या चाकू और लोहे की रॉड से की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।