मंदसौर। जिले के दलोदा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने शनिवार देर रात अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न ढाबों और दुकानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई। कार्रवाई में 192 पाव देशी शराब और 12 केन बीयर जब्त की गई तथा कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी निरीक्षक कर्मेंद्र सांवले के नेतृत्व में टीम ने दलोदा और आसपास के क्षेत्रों में ढाबों की जांच की। जहां भी अवैध शराब का भंडारण या बिक्री पाई गई, वहां मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कई ढाबों से शराब जब्त की गई और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। आबकारी विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हाल ही में क्षेत्र में शराब सेवन से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए यह विशेष अभियान चलाया।