चित्तौड़गढ़। कपासन थाना पुलिस ने वृद्ध महिला से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटने की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो तोला वजनी एवं लगभग 2.50 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 27 जून को कपासन निवासी अधिवक्ता गोविंद सिंह ने थाना कपासन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 26 जून की शाम करीब 6:15 बजे दो युवक उनके घर पहुंचे। इसी दौरान एक आरोपी ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी हरीश भारती के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास एवं मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। मामले में अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी-
- मंसूर खान (50), निवासी चंगेड़ी डांग, थाना फतेहनगर, जिला उदयपुर।
- गजेंद्र यादव (31), निवासी कच्ची बस्ती, फतेहनगर, जिला उदयपुर।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात के त्वरित खुलासे में कपासन थाने के आसूचना अधिकारी जितेंद्र की विशेष भूमिका रही।