चित्तौड़गढ़। महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस निरीक्षक जोधाराम के निर्देशन में एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में डीएसटी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। मुखबिर से सूचना मिली कि उदयलाल पिता पन्नालाल, निवासी उखलिया, जो शंभूपुरा थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण में वांछित एवं 10 हजार रुपये का इनामी आरोपी है, अपने गांव स्थित घर आया हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव उखलिया पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को शंभूपुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में कार्रवाई लंबित थी और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी से मामले में आगे पूछताछ की जा रही है।