मंदसौर। नई आबादी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डोडाचूरा और एक मोबाइल फोन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान विमल पान मसाला के चार बैगों से कुल 65 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। साथ ही एक सैमसंग एम-15 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 95 हजार रुपये तथा मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने हरप्रीत सिंह (निवासी नथाणा, जिला भटिंडा, पंजाब), जगदीश सिंह (निवासी चोटिया, जिला भटिंडा, पंजाब), साधु सिंह (निवासी मसिता, जिला सिरसा, हरियाणा) तथा कुलवींदर सिंह (निवासी दिनगढ़, जिला हनुमानगढ़, राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर अवैध मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले आरोपी केसरसिंह सोधिया राजपूत निवासी ग्राम मुंदड़ी, थाना वाय.डी. नगर को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 128/26 के तहत धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।