मनासा। क्षेत्र के आंतरी माताजी गांव में शनिवार को जमीन की मेढ़ के पुराने विवाद और वर्षों से उपयोग किए जा रहे रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में विशाल सूर्यवंशी, जीतू सूर्यवंशी एवं इंदिराबाई घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों के परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर उनका रास्ता रोक लिया और इसके बाद लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से हमला कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए मनासा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि गंभीर रूप से घायल युवक काफी देर तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन की मेढ़ एवं रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा है। शनिवार को रास्ते से निकलने की बात पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घायल विशाल सूर्यवंशी का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पूर्व में भी उन पर कई बार हमला हो चुका है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाने में शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से विवाद लगातार बढ़ता गया।
मनासा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।