चित्तौड़गढ़। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) राजस्थान यूनिट ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 136.150 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा और एक हुंडई क्रेटा कार जब्त की है। यह कार्रवाई 18 जुलाई 2026 को चित्तौड़गढ़ जिले के नेटावल महाराज-ओदुंद मार्ग पर की गई।
सीबीएन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की गई। वाहन चालक ने भागने का प्रयास किया, जिस दौरान टीम ने चेतावनी स्वरूप फायरिंग भी की। हालांकि आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बाद में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी 7 बोरियों से 136.150 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। सीबीएन ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है।
फरार तस्कर की तलाश जारी है और मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।