मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत सुवासरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 80 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ गुजरात के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद मीना के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में सुवासरा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर ग्राम बसई क्षेत्र में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक RJ19ES8419 से जा रहे तीन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में मोहसीन पिता रफीक भाई खाटकी (26 वर्ष), जाफर पिता हुसैन कादरिया (28 वर्ष) और फजल पिता अख्तर नागोरी (29 वर्ष) निवासी धोराजी, जिला राजकोट (गुजरात) शामिल हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 80 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलोग्राम डोडाचूरा और मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस दबिश के दौरान ग्राम बसई निवासी तस्कर अफरोज उर्फ फिरोज मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 8/22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस द्वारा उनसे एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा के नेटवर्क एवं सप्लाई स्रोतों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक राजेंद्र सिंह बघेल, उप निरीक्षक रतनलाल कटारा सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।