चित्तौड़गढ़। सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने मांगरोल गांव में हुई महिला हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या कर वारदात को लूट का रूप देने का प्रयास किया था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को मांगरोल निवासी रतनीबाई पत्नी नानालाल कुम्हार (36 वर्ष) अपने खेत पर भैंस चराने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो खेत के पास सुनसान स्थान पर चट्टानों के बीच उसका शव मिला।
पुलिस जांच में महिला के गले पर रस्सी के निशान और चेहरे पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घुटने से होना सामने आया। मृतका के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका के पति नानालाल की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन खेत पर जाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, गुस्से में नानालाल खेत पर पहुंचा और पत्नी से विवाद के बाद भैंस बांधने वाली रस्सी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को लूट का रूप देने के लिए मृतका के गले का मांदलिया और पैरों की पायजेब निकालकर छिपा दिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छिपाए गए जेवर बरामद कर लिए हैं। साथ ही घटना स्थल का सीन रीक्रिएट कराया गया।
पुलिस ने आरोपी नानालाल पिता किशनलाल कुम्हार (39 वर्ष), निवासी मांगरोल थाना सदर निम्बाहेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई प्रहलाद सिंह, एएसआई सुंदरपाल, कांस्टेबल जीवन, विजय और दयाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।