नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम झालरी में 38 वर्षीय एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश पिता श्रवण कुमार गुर्जर (38) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार प्रकाश शनिवार शाम करीब 4 बजे बाजरा काटने अपने खेत पर गया था। करीब एक घंटे बाद राजू गुर्जर ने उसे खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र एवं एक पुत्री छोड़ गया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने तथा जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रकाश की असामयिक मौत से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।