चित्तौड़गढ़। साड़ास थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 20.55 ग्राम एमडीएमए (मोली पाउडर) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृताधिकारी गंगरार उदय सिंह के सुपरविजन में शुक्रवार को साड़ास थाना प्रभारी सोनाली शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लेड़ा का खेड़ा तिराहे के पास कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से दिनेश पिता अर्जुनलाल जाट (26) निवासी जितियास, थाना साड़ास, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20.55 ग्राम अवैध एमडीएमए (मोली पाउडर) बरामद किया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है। मामले में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी सोनाली शर्मा, कांस्टेबल बाबूलाल, अनिल, अमीन एवं निशुलाल शामिल रहे।