नीमच। शहर के होटल ग्रीन प्लाजा के समीप बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार एक अज्ञात थार वाहन ने पीछे से ब्रेजा कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस एवं पुलिस को सूचना दी।
घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रतलाम रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य दो घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार (क्रमांक एमपी-09-सीएच-4842) में सवार चार लोग जावरा से कपासन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान होटल ग्रीन प्लाजा के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात थार वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे में अजहर, अली, शेर अली सहित एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में एक घायल के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि एक अन्य को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने दोनों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी भूरा कुरैशी सहित समाज के कई लोग जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायलों के उपचार एवं उनके परिजनों को सूचना पहुंचाने में सहयोग किया। फिलहाल पुलिस अज्ञात थार वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।