चित्तौड़गढ़। संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बस्सी थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए 765 केवी डीसी एल्यूमिनियम (जैब्रा लाइन) तार के 10 बंडल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा तारों से भरा एक टेम्पो भी जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाधिकारी बस्सी प्रेम सिंह जादौन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम ने आरोपी इमरान अहमद पिता नजीम अहमद (24) निवासी भेरड़ा रोड, चंदेरिया, थाना चंदेरिया, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से बरामद टेम्पो की तलाशी लेने पर मायरा घाटा क्षेत्र से चोरी किए गए 765 केवी लाइन के डीसी एल्यूमिनियम (जैब्रा लाइन) तार के कुल 10 बंडल बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में चोरीशुदा तारों के स्रोत, इसमें शामिल अन्य आरोपियों एवं संभावित गिरोह की संलिप्तता को लेकर गहन अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में एएसआई राजेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार (डीएसटी), कांस्टेबल मदनलाल एवं दिनेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।