चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत गंगरार थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में लंबे समय से वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं डीएसपी गंगरार उदयसिंह के निकट पर्यवेक्षण में थानाधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस टीम ने थाना साड़ास में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित आरोपी राहुल पुत्र उदयराम जाट निवासी एकलिंगपुरा (गौसीखेड़ा), थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ की तलाश करते हुए उसे मेड़ीखेड़ा के पास हाईवे रोड से डिटेन कर गिरफ्तार किया। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया तथा मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत अनुसंधान जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना गंगरार एवं सदर चित्तौड़गढ़ के अलावा ब्यावर जिले के थाना जवाजा तथा नागौर जिले के थाना थावला में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी तुलसीराम, कांस्टेबल रोहिताश, बाबूलाल, सतीश, गोविंद तथा जिला विशेष टीम (डीएसटी) के हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।