मंदसौर। जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ थाना क्षेत्र की बुढ़ा पुलिस चौकी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झारड़ा रोड स्थित सलीम की मटन दुकान के पीछे ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर अवैध जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल एवं ताश के पत्ते सहित लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के सख्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 23 जुलाई 2026 को चौकी प्रभारी बुढ़ा उपनिरीक्षक विकास गेहलोत एवं उनकी टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर झारड़ा रोड स्थित मटन दुकान के पीछे दबिश दी, जहां पांच लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए।
पुलिस ने मौके से जसवंत सिंह पिता नवल सिंह सोंधिया राजपूत (41) निवासी बांसखेड़ी, मनोहर सिंह पिता भूर सिंह सोंधिया राजपूत (36) निवासी गर्रावद, पप्पू पिता गोपाल उर्फ बापूलाल सोलंकी (36) निवासी खड़पालिया, विक्रम सिंह पिता नाहर सिंह सोंधिया राजपूत (36) निवासी बांसखेड़ी तथा सलीम पिता गुलाम मोहम्मद (39) निवासी बुढ़ा को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार 800 रुपये नगद, 52 ताश के पत्ते, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 25 हजार रुपये) तथा चार मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये) जब्त की हैं। जब्त मोटरसाइकिलों में क्रमांक MP-14-MX-9014, MP-14-MF-5409, MP-14-MZ-9493 एवं MP-14-MF-2377 शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उक्त कार्रवाई में थाना नारायणगढ़ एवं पुलिस चौकी बुढ़ा की टीम की सराहनीय भूमिका रही।