नीमच। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ रहने, दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे और उसके मासूम पुत्र को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रह रहा है तथा उसे जान से मारने और झूठे प्रकरणों में फंसाने की धमकियां भी दे रहा है।
प्रार्थिया आरती लोहार ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसका विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व कनावटी निवासी लाला लोहार के साथ हुआ था। विवाह के बाद उनके एक पुत्र का जन्म हुआ, लेकिन पिछले दो वर्षों से पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। आरोप है कि पति दूसरी महिला के साथ रह रहा है और उसी पर खर्च कर रहा है, जबकि पत्नी और पुत्र के भरण-पोषण की कोई जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उस पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाता है तथा मायके से मिले सोने-चांदी के आभूषण भी बेच चुका है। साथ ही सास, ससुर एवं अन्य परिजनों पर भी प्रताड़ना के लिए उकसाने और पति का साथ देने के आरोप लगाए गए हैं। मामले के समाधान के लिए समाज के पंचों के माध्यम से कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकल सका।
विवाहिता ने आशंका जताई है कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपितों की होगी। उसने पुलिस अधीक्षक से पति एवं अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे और उसके पुत्र को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की मांग की है।