चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) एवं शंभूपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर प्रभुसिंह पुत्र गुमान सिंह निवासी लालजी का खेड़ा को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाकाबंदी के दौरान पुलिस दल पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं डीएसपी विनोद कुमार के सुपरविजन में जिला विशेष टीम से मिली सूचना के आधार पर शंभूपुरा थाना प्रभारी धर्मराज मीणा के नेतृत्व में नाकाबंदी की गई।
पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान आरोपी प्रभुसिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर उसने दोबारा पुलिस पर गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस के खोखे तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, प्रभुसिंह सदर थाना का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित करीब 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह एक सक्रिय आपराधिक गिरोह से जुड़ा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार सहित डीएसटी एवं शंभूपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।