सीतामऊ। मंदसौर जिले के सीतामऊ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मानपुरा गांव के समीप कथित रूप से संचालित की जा रही एमडी ड्रग्स निर्माण की एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से करीब तीन क्विंटल रासायनिक सामग्री (केमिकल) जब्त की है। मामले में आरोपियों की तलाश एवं आगे की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मानपुरा से बड़ावदी रोड स्थित तीन शेड वाले एक परिसर पर दबिश दी। प्रारंभिक जांच में यहां कथित रूप से एमडी ड्रग्स बनाने की तैयारी की जा रही थी।
कार्रवाई में निरीक्षक अनिल रघुवंशी, निरीक्षक कमलेश प्रजापति, उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, उपनिरीक्षक विकास गेहलोत सहित दो से तीन थानों के पुलिस बल ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाली रासायनिक सामग्री जब्त कर तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। मामले में आरोपियों की पहचान एवं पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है।