रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पिपलौदा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय, निर्माणाधीन नवीन कॉलेज भवन तथा ग्राम राकोदा स्थित नवीन आईटीआई भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांदीपनि विद्यालय में बच्चों से संवाद-
कलेक्टर एवं विधायक ने सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। कक्षा में कलेक्टर ने बोर्ड पर भाग का सवाल लिखकर विद्यार्थियों से हल कराया। बच्चों द्वारा सही तरीके से सवाल हल करने पर उन्होंने भाग करने की सरल प्रक्रिया भी समझाई।
उन्होंने विद्यार्थियों की पाठ्य पुस्तकें एवं कॉपियां देखीं तथा पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। एक विद्यार्थी ने संस्कृत की पाठ्य पुस्तक पढ़कर सुनाई। विधायक डॉ. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद दोनों ने निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण कर भवन में चल रहे कार्य, सीसीटीवी रूम एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विद्यालय तक पहुंच मार्ग के कार्य को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कॉलेज भवन का कार्य 15 दिन में पूरा करने के निर्देश-
नवीन कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शेष कार्यों की जानकारी ली। बताया गया कि भवन में कोटा स्टोन की घिसाई सहित कुछ कार्य शेष हैं। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री सचिन हरित को निर्देश दिए कि सभी शेष कार्य गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कर 15 दिवस में कॉलेज भवन हैंडओवर किया जाए। उन्होंने कार्य में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य से भी आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुझावों पर चर्चा की गई।
आईटीआई में रोजगारपरक ट्रेड बढ़ाने पर जोर-
ग्राम राकोदा स्थित नवीन आईटीआई भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं विधायक ने संचालित ट्रेड, मशीनों एवं प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि आईटीआई में वर्तमान में इलेक्ट्रीशियन, फिटर एवं कंप्यूटर ट्रेड संचालित हैं, जिनमें दसवीं पास विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष में ड्रोन टेक्नोलॉजी, विंड एनर्जी एवं सोलर एनर्जी जैसे रोजगारोन्मुखी ट्रेड शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुरूप तकनीकी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, जावरा एसडीएम रचना शर्मा, तहसीलदार पिंकी साठे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय एवं कॉलेज के प्राचार्य तथा आईटीआई के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।