नीमच। नीमच के हृदय स्थल पर स्थित एकमात्र बहुउद्देशीय खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी 27 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगी। पार्टी के अनुसार ज्ञापन दोपहर 12 बजे दिया जाएगा।
आम आदमी पार्टी की मांग है कि इस खेल मैदान पर प्रस्तावित सांदीपनि स्कूल के निर्माण को रोककर पूर्व से प्रस्तावित वैकल्पिक स्थान पर स्कूल का निर्माण कराया जाए, ताकि शहर के इस महत्वपूर्ण खेल मैदान को सुरक्षित रखा जा सके।
AAP जिला अध्यक्ष डॉ. राजू पाल और जिला संगठन मंत्री चंद्रेश सेन ने बताया कि खेल मैदान शहर के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने खेलप्रेमियों, समाजसेवियों और शहरवासियों से अपील की है कि वे 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और खेल मैदान बचाने के अभियान में सहभागिता करें।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि बहुउद्देशीय खेल मैदान को किसी अन्य निर्माण के लिए उपयोग करने के बजाय खिलाड़ियों और युवाओं के हित में सुरक्षित रखा जाना चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है।