चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर चुकी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल 2024 को महेंद्र सिंह राजपूत निवासी नाकोड़ा नगर, बड़ीसादड़ी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 12ः45 बजे उसके घर के सामने खड़ा सोनालिका कंपनी का नीले रंग का ट्रैक्टर अज्ञात व्यक्तियों ने चोरी कर लिया था।
प्रार्थी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांची तो उसमें करीब 12ः45 बजे चार व्यक्ति ट्रैक्टर को धक्का देकर आगे ले जाते हुए दिखाई दिए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाधिकारी बड़ीसादड़ी भगवानलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर वांछित आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने छोटीसादड़ी, धरियावद, धोलापानी और प्रतापगढ़ क्षेत्र में लगातार दबिश देकर आरोपी की तलाश की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे और धारा 299 सीआरपीसी में वांछित अभियुक्त नानूराम पुत्र कालू मीणा, निवासी मोग्या फला नावणखेड़ी, थाना धोलापानी, जिला प्रतापगढ़ को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में पूर्व में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया था। गिरफ्तार आरोपी से अब मामले में आगे की पूछताछ और जांच की जा रही है।
पुलिस टीम
कार्रवाई में एएसआई प्रेमसुख शर्मा, कांस्टेबल नानूराम और बाबूलाल की भूमिका रही।