नीमच। बारिश के मौसम में शहर के कई हिस्सों में जलभराव और गड्ढों में पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ गई है। इससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। इसे देखते हुए नीमच शहर कांग्रेस सचिव सुशांत कालरा ने नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग से सभी वार्डों में तत्काल नियमित सफाई और फॉगिंग कराने की मांग की है।
सुशांत कालरा ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मौसमी बीमारियों के बढ़ने का इंतजार किए बिना मच्छरों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से फॉगिंग मशीन के माध्यम से आवश्यक दवाओं का छिड़काव कराने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की मांग की।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नगर पालिका को नियमित सफाई, फॉगिंग और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
कालरा ने नगर पालिका से आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।