नीमच। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला नीमच के प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
इस दौरान किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू नागदा मोड़ी ने नीमच जिले के वंचित गांवों के किसानों को फसल बीमा राशि का लाभ दिलाने सहित किसानों को आए दिन होने वाली विभिन्न समस्याओं से केंद्रीय कृषि मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने किसानों के हित में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान किसान मोर्चा के जिला महामंत्री प्रेम कुशवाहा, सूरज सिंह शक्तावत, कार्यालय मंत्री गोपाल शर्मा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम नागदा देवली सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बनने के बाद राजू मोड़ी लगातार किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए उनके हित में कार्य कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कृषि मंत्री के समक्ष किसानों की समस्याओं के निराकरण और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने से जुड़े विषय रखे।
इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिनिधिमंडल से सहजता से चर्चा की और किसानों से जुड़े विषयों को लेकर सकारात्मक रुख व्यक्त किया।