नीमच। प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने गुरुवार को नीमच में वाहन रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली के बाद छात्र-छात्राएं एवं परिषद के पदाधिकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
अभाविप के छात्र-छात्राएं शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शासकीय महाविद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित एवं स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त बेंच-डेस्क, पंखे एवं प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके साथ ही पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी की सुविधा, प्रयोगशालाओं का उन्नयन, खेल सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, इंटरनेट एवं वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
परिषद ने छात्राओं के लिए कॉमन रूम तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा महाविद्यालयों में प्राथमिक उपचार सुविधा, विद्यार्थी सहायता केंद्र और रियायती दरों पर कैंटीन शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
रोजगार एवं कौशल मार्गदर्शन के लिए विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल को पुनः सक्रिय करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
अभाविप जिला संयोजक अमन वैरागी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। परिषद ने मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।