मंदसौर। बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस ने गुरुवार को मंदसौर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शक्कर, पेट्रोल, बिजली के बिल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर विरोध जताया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे से गुजरने वाले राहगीरों को शक्कर वितरित की। इसके बाद गांधी चौराहा स्थित कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निकाला गया। मार्च जिला अस्पताल के सामने से होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘खा गए शक्कर, पी गए तेल’ और ‘जो सरकार निकम्मी है, वह सरकार बदलनी है’ जैसे नारे लगाए।
महंगाई से बिगड़ा रसोई का बजट-
विधायक विपिन जैन ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। रोजमर्रा की खाद्य सामग्री, तेल, शक्कर, चायपत्ती और दालों के दाम बढ़ने से आमजन, मजदूर और मध्यम वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों के दाम उसी अनुपात में नहीं बढ़े हैं, जबकि बढ़ती कीमतों के कारण परिवारों का घरेलू और रसोई बजट प्रभावित हो रहा है।
सरदार पटेल की प्रतिमा के पास रखा ज्ञापन-
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए तहसीलदार को मौके पर बुलाया था। उनके नहीं पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के चरणों में रख दिया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
E20 ईंधन को लेकर भी उठाए सवाल-
ज्ञापन में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के साथ पेट्रोल की कीमतों और E20 ईंधन के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि E20 ईंधन के कारण पुराने वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ सकता है। कांग्रेस ने सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।