चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भैंसरोड़गढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस वाहन को टक्कर मारकर फरार हुए स्कॉर्पियो सवारों के वाहन की तलाशी में 324 किलो 420 ग्राम अवैध डोडाचूरा, 1 किलो 920 ग्राम अवैध अफीम, 12 बोर के 8 जिंदा कारतूस, पिस्टल के 4 जिंदा कारतूस तथा 8 अलग-अलग नंबर प्लेटें बरामद हुईं। पुलिस ने स्कॉर्पियो सहित सभी सामान जब्त कर लिया है। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।
नाकाबंदी तोड़कर भागे, पुलिस वाहन को मारी टक्कर-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत एवं पुलिस उपाधीक्षक रावतभाटा शंकर लाल मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को श्रीपुरा से आगे पुलिया पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस जाप्ते ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे वापस धांगड़मऊ की ओर मोड़कर तेज गति से भगाना शुरू कर दिया।
पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए धांगड़मऊ चौकी के जाप्ते को सूचना दी। सूचना मिलने पर चौकी का पुलिस दल सरकारी बोलेरो से धांगड़मऊ की ओर से श्रीपुरा की तरफ रवाना हुआ। सामने से आती स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने सरकारी बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार चालक एवं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गए।
तलाशी में मादक पदार्थ और कारतूस बरामद-
पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी ली। वाहन से 324 किलो 420 ग्राम डोडाचूरा, 1 किलो 920 ग्राम अफीम, 12 बोर के 8 जिंदा कारतूस, पिस्टल के 4 जिंदा कारतूस तथा 8 अलग-अलग नंबरों की नंबर प्लेटें बरामद हुईं।
पुलिस ने मादक पदार्थ, कारतूस एवं नंबर प्लेटों सहित स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। भैंसरोड़गढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं पीडीपीपी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम-
थाना भैंसरोड़गढ़- थानाधिकारी कमलचंद मीणा, कांस्टेबल धर्मेंद्र, भागीरथ, लक्ष्मण, ब्रजराज एवं सोनूराम।