चित्तौड़गढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में डीओआईटी वीसी कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का रेंडमाइजेशन किया गया। जिले की सातों नगर निकायों के निर्वाचन के लिए कुल 400 ईवीएम का रेंडमाइजेशन एवं आवंटन किया गया।
नगर परिषद चित्तौड़गढ़ एवं निंबाहेड़ा तथा नगर पालिका रावतभाटा, बेगूं, कपासन, बड़ीसादड़ी और आकोला के विभिन्न मतदान केंद्रों पर इन्हीं ईवीएम से मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए मतदान के साथ पर्याप्त संख्या में ईवीएम रिजर्व तथा प्रशिक्षण के लिए भी आवंटित की गई हैं।
निकायवार ईवीएम आवंटन-
आकोला: मतदान 20, रिजर्व 4, प्रशिक्षण 2 — कुल 26
बड़ीसादड़ी: मतदान 25, रिजर्व 5, प्रशिक्षण 2 — कुल 32
बेगूं: मतदान 35, रिजर्व 8, प्रशिक्षण 2 — कुल 45
चित्तौड़गढ़: मतदान 102, रिजर्व 21, प्रशिक्षण 6 — कुल 129
कपासन: मतदान 25, रिजर्व 5, प्रशिक्षण 2 — कुल 32
निंबाहेड़ा: मतदान 65, रिजर्व 13, प्रशिक्षण 4 — कुल 82
रावतभाटा: मतदान 42, रिजर्व 9, प्रशिक्षण 3 — कुल 54
इस प्रकार जिले की सभी सात नगर निकायों के लिए 400 ईवीएम का रेंडमाइजेशन एवं आवंटन किया गया।
4 सितंबर को बूथ रेंडमाइजेशन प्रस्तावित-
निर्वाचन प्रक्रिया के अगले चरण में मतदान केंद्रवार बूथ रेंडमाइजेशन किया जाएगा। इसके लिए 4 सितंबर संभावित तिथि निर्धारित की गई है। इस प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का आवंटन किया जाएगा।
रेंडमाइजेशन के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़ सहित सभी नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।