चित्तौड़गढ़। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी चित्तौड़गढ़, थाना भैंसरोडगढ़ एवं थाना पारसोली पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों थाना क्षेत्रों में इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ फोटो-वीडियो अपलोड करने वाले दो नाबालिगों को उनके पिता के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की।
भैंसरोडगढ़ थाना क्षेत्र में कार्रवाई-
थानाधिकारी कमल चंद मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं सोशल मीडिया निगरानी के आधार पर एक नाबालिग की पहचान की। 29 अगस्त को उसे उसके पिता के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसने एआई एप्लीकेशन के माध्यम से अपनी तस्वीर के साथ बंदूक और पिस्टल के फोटो-वीडियो तैयार कर इंस्टाग्राम पर अपलोड किए थे। पुलिस ने उसे भविष्य में इस प्रकार की सामग्री अपलोड नहीं करने की समझाइश दी तथा उसके पिता को बच्चे की सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पाबंद किया।
पारसोली थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई-
थानाधिकारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर एक अन्य नाबालिग की पहचान की। 29 अगस्त को उसे उसके पिता के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई। नाबालिग ने भी एआई एप्लीकेशन के माध्यम से अपनी तस्वीर के साथ हथियारों के फोटो-वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करना बताया। पुलिस ने बच्चे और उसके पिता को समझाइश दी तथा भविष्य में ऐसी सामग्री प्रसारित नहीं करने की हिदायत दी।
पुलिस की आमजन से अपील-
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों अथवा हथियार जैसे दिखने वाले उपकरणों के साथ फोटो-वीडियो अपलोड कर भय का माहौल न बनाएं। आपराधिक प्रवृत्ति का महिमामंडन करने वाली सामग्री प्रसारित करने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम का योगदान-
भैंसरोडगढ़ थाना टीम में थानाधिकारी कमल चंद मीणा, हेड कांस्टेबल राधेश्याम एवं कांस्टेबल धर्मेंद्र शामिल रहे। पारसोली थाना टीम में थानाधिकारी आशुतोष सिंह, एएसआई भवानी सिंह, हेड कांस्टेबल मिश्रीलाल एवं कांस्टेबल राजेंद्र शामिल रहे। डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल अरविंद कुमार, कृष्णकांत एवं अशोक कुमार का योगदान रहा।