नीमच। शहर के ग्वालटोली नाके पर चाय की दुकान के बाहर शराब पीने से रोकने की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान ईंट से सिर पर वार किए जाने से लाला राम पिता हीरालाल ग्वाला गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुकान के बाहर शराब पीने से मना करने पर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालटोली नाके स्थित बालाजी टी स्टॉल के बाहर कैलाश नामक युवक शराब पी रहा था। इसी दौरान दुकान पर साफ-सफाई कर रहे लाला राम ने उसे वहां शराब पीने से मना किया और वहां से जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
ईंट से सिर पर वार करने का आरोप
आरोप है कि विवाद के दौरान कैलाश ने ईंट उठाकर लाला राम के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से लाला राम की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी कैलाश को पकड़ लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामूली विवाद में हुई इस घटना से ग्वालटोली नाका क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।