चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना पुलिस एवं डीएसटी की संयुक्त टीम ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन डंपरों को डिटेन किया। पुलिस ने बजरी परिवहन में एस्कॉर्ट के लिए इस्तेमाल की जा रही एक एसयूवी कार भी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक गंगरार उदयसिंह चूंडावत के सुपरविजन में अवैध बजरी परिवहन की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 की रात डीएसटी टीम प्रभारी हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार मय जाप्ता तथा गंगरार थाना पुलिस की टीम ने नाकाबंदी के दौरान अवैध बजरी परिवहन करते तीन डंपरों को डिटेन किया। पुलिस ने इन वाहनों को एस्कॉर्ट कर रही एसयूवी कार को भी जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।