नीमच। पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच कैंट पुलिस ने चैन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 1.90 लाख रुपए कीमत की 15 ग्राम सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
महिला के गले से चेन झपटकर फरार हुए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को स्कीम नंबर-36, नीमच निवासी पवन कुमारी जैन ने नीमच कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात में पति के साथ घूमकर घर लौटते समय एक युवक ने उनके गले से करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। मामले में थाना नीमच कैंट पर अपराध क्रमांक 431/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रंजीत पिता बंशीलाल खटीक निवासी बेगूं, राजस्थान और मोहम्मद सईद पिता सिकंदर उस्ता निवासी बेगूं, राजस्थान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने मांडलगढ़ कोर्ट परिसर के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी कर उसे वारदात में इस्तेमाल करने और नीमच में चैन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सोने की चेन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
शौक, मौज-मस्ती और नशे के लिए करते थे वारदात-
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल लेकर कमजोर और बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही चेन झपटकर सुनसान रास्तों से फरार हो जाते थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर शौक, मौज-मस्ती और नशे की पूर्ति के लिए वारदात करते थे।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड-
पुलिस के अनुसार, आरोपी रंजीत के खिलाफ मध्यप्रदेश में 36 अपराध दर्ज हैं, जबकि मोहम्मद सईद के खिलाफ 9 अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
जब्ती
करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन - कीमत करीब 1.90 लाख रुपए
चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक RJ 06 XS 9706
पुलिस टीम का योगदान-
कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक भगवत सिंह, उपनिरीक्षक शिवलाल कलमी, सहायक उपनिरीक्षक अनिल राजपुरोहित, प्रधान आरक्षक श्रीपाल सिंह सहित आरक्षक सर्वेश, मधुसूदन, राहुल, सोनेन्द्र, आशुतोष, प्रहलाद, सुनील शर्मा तथा डीएसटी टीम चित्तौड़गढ़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।