नीमच। कथित सूदखोरी और लगातार धमकियों से परेशान एक महिला द्वारा कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लेने का मामला सामने आया है। महिला का नीमच जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। उपचाररत महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कुछ लोगों पर भारी साप्ताहिक ब्याज वसूलने, कोरे चेक एवं दस्तावेज अपने पास रखने तथा मकान खाली करने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
जिला अस्पताल में उपचाररत परवीन बी पत्नी मोईनुद्दीन ने शिकायत में बताया कि आर्थिक जरूरत के चलते उसने अलग-अलग लोगों से ब्याज पर राशि ली थी। महिला के अनुसार, रकम के बदले उससे भारी साप्ताहिक ब्याज वसूला गया। उसका आरोप है कि मूल रकम चुकाने के बावजूद उसके कोरे चेक और लिखापढ़ी से संबंधित दस्तावेज वापस नहीं किए गए। साथ ही मकान खाली करने के लिए भी लगातार दबाव बनाया जाता रहा।
परवीन बी का आरोप है कि उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी गईं। महिला के अनुसार, लगातार मानसिक दबाव के चलते उसने परेशान होकर कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला ने बताया कि इस संबंध में उसने पूर्व में पुलिस को आवेदन देकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।