रामपुरा। रामपुरा से कुकड़ेश्वर कन्या शाला में मजदूरी के लिए आ रहे तीन लोगों की बाइक को सोमवार को हनुमंतिया रोड पर पीछे से आए डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान कैलाश पिता केशुराम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बाइक से रामपुरा की ओर से कुकड़ेश्वर आ रहे थे। इसी दौरान हनुमंतिया रोड पर पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कैलाश की मौत हो गई, जबकि शिवलाल पिता मदनलाल धनगर निवासी इनायतपुरा तथा हरीश पिता बंशीलाल रेगर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पायलट संजू कुमार मारू एवं प्रधान आरक्षक 442 लक्ष्मण सिंह सिसोदिया ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मनासा अस्पताल पहुंचाया। यहां कैलाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया, जबकि दोनों घायलों का उपचार शुरू किया गया।
शव रखकर चक्काजाम, मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन
हादसे के बाद मृतक कैलाश के परिजन और ग्रामीणों ने मजिरिया गांव के मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास शुरू किया।
परिजन एवं ग्रामीण एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि डीबीएल कंपनी के डंपर ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मारी, जिसके चलते कैलाश की मौत हुई।
मौके पर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत का दौर जारी है। ग्रामीण मुआवजे की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं।
घटना को लेकर पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। चक्काजाम के चलते मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है तथा मौके पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।