मंदसौर। शहर के गोल चौराहा स्थित दावा बाजार क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक मकान के अंदर 51 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान योगेश आहूजा पिता बादुमल आहूजा के रूप में हुई है। बताया गया कि योगेश पिछले करीब 20 वर्षों से मकान में अकेले रह रहे थे। मकान के अगले हिस्से को किराए पर देकर वे अपना जीवन-यापन करते थे।
परिजनों के अनुसार योगेश 25 अगस्त को अपने भाई राजेश के साथ खाना खाने गए थे। 26 अगस्त को उन्होंने राजेश से मुलाकात कर बहन से राखी बंधवाने के लिए जयपुर जाने की बात कही थी। इसके बाद उनका संपर्क नहीं हो सका। परिजनों को लगा कि वे जयपुर पहुंच गए होंगे।
बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना-
सोमवार दोपहर मकान से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने योगेश के भाई राजेश को सूचना दी। राजेश समाजजनों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दरवाजे के पास ही योगेश का शव पड़ा मिला।
पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, मौत करीब 4 से 5 दिन पहले हुई होगी। शव पुराना होने के कारण स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद परिजनों ने वार्ड बॉय की सहायता से शव को बाहर निकलवाया और अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।