चित्तौड़गढ़। भदेसर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 45 किलो 450 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने डोडाचूरा के परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की है। मामले में एक आरोपी को नामजद किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक भदेसर विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी विनोद मेनारिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे से देवड़ा पीपली-जैतपुरा जाने वाले सर्विस रोड के कट के पास, परमसुख भोजनालय फास्ट फूड के सामने हाईवे और सर्विस रोड के बीच बने नाले पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से तीन काले रंग के प्लास्टिक कट्टों में कुल 45 किलो 450 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने डोडाचूरा सहित कार को जब्त कर लिया है। मामले में एक आरोपी को नामजद करते हुए थाना भदेसर में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी विनोद मेनारिया, एएसआई संतोष कुमार, कांस्टेबल झाबरमल, प्रकाश एवं भैरूलाल शामिल रहे।