मंदसौर। नई आबादी थाना क्षेत्र के ग्राम भालोट में 65 वर्षीय किसान ने खेत पर बने बाड़े में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह परिजनों को हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान भालोट निवासी गोपाल पिता भगीरथ कुमावत (65) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गोपाल खेती का काम करते थे और अक्सर खेत पर बने बाड़े में ही रहते थे। सोमवार को भी वे घर से खेत गए थे।
बताया गया कि गोपाल के बेटे पुष्कर मंगलवार सुबह खेत पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पिता को बाड़े में फंदे पर लटका हुआ देखा। उन्होंने तत्काल सरपंच और अन्य परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने गोपाल को फंदे से नीचे उतारकर निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं-
परिजनों के अनुसार, गोपाल स्वस्थ थे और परिवार में किसी प्रकार की परेशानी भी नहीं थी। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। नई आबादी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।