नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1270 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक RJ 18 GA 9130 को भी जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 65 लाख रुपए तथा ट्रक की कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में करीब 77 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
73 प्लास्टिक कट्टों में भरा था डोडाचूरा-
पुलिस के अनुसार 1 सितंबर को उपनिरीक्षक श्रवण सिंह तंवर पुलिस टीम के साथ गश्त एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में रखे 73 प्लास्टिक कट्टों से कुल 1270 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने सुखाराम पिता धनाराम जाट (35), निवासी ओसियां, जिला जोधपुर तथा कालूराम पिता रुपाराम जाट (22), निवासी ओसियां, जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस-
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा की आपूर्ति के स्रोत, गंतव्य और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में की गई।