बड़ीसादड़ी। पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बजाज पल्सर 150 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार, बम्बोरी निवासी दिलीप सिंह पंवार ने 27 अगस्त को बड़ीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके भाई भंवरसिंह की बजाज पल्सर बाइक क्रमांक RJ 27 SX 3228 सुपरवाइजर टींकूसिंह को चलाने के लिए दी गई थी। टींकूसिंह नाकोड़ा नगर, बड़ीसादड़ी में किराए के मकान में रह रहा था। उसने 22 अगस्त की रात बाइक मकान के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन सुबह बाइक गायब मिली।
रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने नाकोड़ा नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने लोकेश सिंह, कन्हैयालाल मीणा, देवनारायण मीणा और गौतमलाल मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बजाज पल्सर 150 बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य चोरी की वारदातों की जानकारी सामने आई है। इनमें बम्बोरा से एचएफ डीलक्स बाइक, सलूंबर के कालीभीत से बजाज प्लेटिना, बड़ीसादड़ी के नीमच रोड से स्प्लेंडर बाइक, रघुनाथपुरा से विद्युत लाइन के तार, मरजीवी निम्बाहेड़ा से दो बाइक, मंगलवाड़ क्षेत्र से पानी की मोटर और राती मंगरी-लोठियाना मार्ग से ट्यूबवेल की मोटर चोरी करने जैसी वारदातें शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह और पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में उप निरीक्षक बाबूलाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।