पिपलियामंडी। बोतलगंज स्थित विद्युत ग्रिड पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पिपलियामंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला और उसका पति घर पर छोटा कारखाना संचालित कर स्लेट-पेंसिल कटिंग का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि विद्युत बिल की बकाया राशि की वसूली के सिलसिले में विद्युत मंडल के अधिकारी उनके घर पहुंचे थे। इसके बाद विद्युत कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज लेकर परिजनों को विद्युत मंडल कार्यालय बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि इसी सिलसिले में महिला विद्युत ग्रिड पहुंची थी। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि महिला अपने साथ पेट्रोल लेकर पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी और महिला आग की चपेट में आ गई। हालांकि, आग किस परिस्थिति में लगी और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गंभीर रूप से झुलसी महिला अस्पताल में भर्ती-
घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों और परिजनों ने विद्युत मंडल के अधिकारियों पर महिला को कथित रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पेट्रोल लेकर पहुंचने पर भी जांच-
घटना को लेकर यह सवाल भी उठ रहा है कि महिला अपने साथ पेट्रोल लेकर विद्युत ग्रिड क्यों पहुंची थी और विवाद के दौरान आग किन परिस्थितियों में लगी। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग लगने की घटना अचानक हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी।
विद्युत मंडल अधिकारियों का पक्ष नहीं मिल सका-
घटना के संबंध में विद्युत मंडल के संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे फोन पर संपर्क नहीं हो सका। कॉल किए जाने के बावजूद अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।